महंगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने गले में पहनी सब्जियों की माला, सिलेंडर रखकर दिया धरना
उत्तराखंड: बढ़ती महंगाई और उत्तराखंड में भाजपा सरकार के छह महीने के कार्यकाल को जनता की कसौटी पर नाकाम करार देते हुए कांग्रेस ने सोमवार को गांधी पार्क के बाहर धरना दिया। इस दौरान कांग्रेसी गले में सब्जियों की माला डाले नजर आए। धरनास्थल पर सिलेंडर रखकर गैस के बढ़ते दामों को लेकर सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन सरकार के छह महीने के कार्यकाल को एतिहासिक बताते नहीं थक रहे हैं। पर, हकीकत किसी से छिपी नहीं है। भाजपा सरकार के आने के बाद से आम आदमी का जीना मुश्किल होता जा रहा है। पेट्रो पदार्थों के दाम बेतहाशा बढ़ रहे हैं। इनपर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। जरूरत की वस्तुओं महंगी हो रही हैं। महंगाई बढ़ती जा रही है। कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी नीतियों को बदलकर उत्पीड़नात्मक नीतियां राज्यवासियों पर थोपी जा रही है। कांग्रेस जनता की हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। कहा कि भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। उत्तराखंड में किस किसान ने कभी आत्महत्या नहीं की, इस सरकार में वो कलंक भी लग चुका है। हर चीज महंगी होती जा रही है। भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस का दावा करने वाली भाजपा अब खुद भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी है। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदियेश, विधायक करण मेहरा, मनोज रावत, फुरकान अहमद, लालनंद शर्मा आदि मौजूद रहे।